
आदित्यपुर पार्षद पति पर बबुआ सिंह पर पिस्टल के बट से वार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर एस-टाइप कॉलोनी में सोमवार रात वार्ड-22 की पार्षद अंजू देवी के पति संजीव कुमार सिंह उर्फ बबुआ सिंह पर हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। आवास एस-26/8 के पास हुई इस घटना में हमलावरों ने कथित तौर पर पिस्टल के बट से उनके बाएं हाथ और छोटी अंगुली पर वार कर उन्हें जख्मी कर दिया।
बताया जाता है कि हमलावर किसी बहाने से उन्हें घर से नीचे बुलाकर लाए थे। उनके नीचे पहुंचते ही हमला कर दिया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने उनकी पिटाई भी की, लेकिन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।
घटना के बाद बबुआ सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

