
*लपोटका संथाल बस्ती में पारंपरिक रीति से मना सागुन सोहराय
*सांसद जोबा माझी ने पशुधन की पूजा कर उतारी आरती, ढोल-मांदर पर थिरके ग्रामीण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चक्रधरपुर
संथाल बहुल गांवों में सागुन सोहराय पर्व की धूम है। मंगलवार को चक्रधरपुर की पोटका संथाल बस्ती में भी पारंपरिक उत्साह के साथ पर्व मनाया गया। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव इसमें शामिल हुए। पारंपरिक परिधान में पहुंचीं सांसद ने महिलाओं के साथ गाय-बैलों सहित पशुधन की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। ग्रामीणों ने ढोल-मांदर की थाप पर पारंपरिक नृत्य के साथ पर्व की खुशियां मनाईं।
इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि सोहराय संथाल समाज का प्राचीन और महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें पशुधन की पूजा कर उनके अच्छे स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की जाती है। यह पर्व पशुओं के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। इसमें खेती-किसानी में उपयोग होने वाले पशुओं और औजारों की भी पूजा की जाती है। पर्व भाई-बहन के रिश्ते को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम में लांगो माझी, मोतीलाल मुर्मू, चित्तरंजन महली, मोटू मुर्मू, राम माझी, लखन माझी, बुजु मुर्मू सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।

