
वर्षों से कायम है अनूठी परंपरा, बिना चंदा मांगे होती है काण्ड्रा स्टेशन की काली पूजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता, काण्ड्रा
सहयोग की भावना जब आस्था से जुड़ती है तो परंपराएं पीढ़ियों तक जीवित रहती हैं। काण्ड्रा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित मां काली मंदिर में आयोजित होने वाली पूजा इसका उदाहरण है। यहां मां काली की पूजा रेलकर्मियों के सामूहिक सहयोग से होती आ रही है। इसकी सबसे खास बात यह है कि आयोजन के लिए किसी से चंदा नहीं मांगा जाता। रेलकर्मी अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग करते हैं। सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारी भी इस परंपरा में अपनी भागीदारी निभाते हैं।
इस वर्ष भी स्टेशन परिसर स्थित मंदिर में मां काली की पूजा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। बामा पंडित ने वैदिक रीति से पूजा-अर्चना कराई। एसएसई पी-वे एवं मुख्य यजमान पृथ्वीनाथ यादव सहित रेलवे के कई कर्मचारियों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इनमें प्रवीन-रेश्मी, एसएस निर्मल पांडेय, डीटीआई सुकेश कुमार, पंचानन सापुकार, रुयिना महतो, भीमसेन महतो और दीपक समेत अन्य रेलकर्मी शामिल रहे।
रेलकर्मी इस पूजा को मां काली से अपने परिवार, कार्यस्थल और रेल परिचालन की सुरक्षा एवं मंगलकामना का अवसर मानते हैं। आपसी विश्वास और स्वैच्छिक सहयोग के बूते कायम यह परंपरा आज काण्ड्रा की धार्मिक-सामाजिक पहचान बन चुकी है।

