
दीपावली के साथ बेंदा गांव में धूमधाम से मनी मां काली की पूजा
*मध्यरात्रि में पारंपरिक विधि-विधान से हुई आराधना, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
बनकाटा पंचायत के बेंदा गांव में रविवार रात दीपावली के साथ मां काली की पूजा भी हर्षोल्लास से मनाई गई। दीपावली पर घरों और मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। लोगों ने रंगोली बनाई और दीप जलाकर मां लक्ष्मी-गणेश की पूजा की। इसके बाद मध्यरात्रि में क्लब भवन में मां काली की पूजा पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
पूजा के पुजारी तपन पंडा ने बताया कि कार्तिक अमावस्या के दिन मां काली से सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है, ऐसी श्रद्धालुओं की मान्यता है। कमेटी की ओर से प्रत्येक वर्ष क्लब भवन में भव्य रूप से पूजा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के सदस्य जुटे रहे। दीपावली के उल्लास के बीच पूरे गांव में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।

