
खरकाई नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं के लिए होंगे व्यापक इंतजाम
*चार सामाजिक संगठनों ने संभाली तैयारी की जिम्मेदारी, सफाई से लेकर रोशनी तक की होगी व्यवस्था*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आदित्यपुर के वार्ड संख्या 28 स्थित रोड नंबर 32 के खरकाई नदी छठ घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। आयोजन की जिम्मेदारी जन कल्याण मोर्चा, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन, आदित्यपुर अधिवक्ता संघ और भगवती संघ ने संयुक्त रूप से ली है।
घाट की साफ-सफाई, पथ प्रकाश, विद्युत सजावट, चेंजिंग रूम और साउंड सिस्टम सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए तैयारी समिति गठित कर सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में अधिवक्ता ओम प्रकाश, शारदा देवी, सुधीर चौधरी, अधिवक्ता सुनील कुमार स्वाईं, अभियंता अमरेश कुमार, अधिवक्ता आशुतोष कुमार, दीपेंद्र नाथ ओझा, महेश ठाकुर और अजय कुमार सिंह शामिल हैं। भगवती संघ के पप्पू रजक, अशोक कुमार, लंकेश सिंह, गुड्डू झा, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता और अधिवक्ता अंकित कुमार भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
मोर्चा अध्यक्ष ओम प्रकाश ने कहा कि छठ स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी से सहयोग की अपील की गई है। महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 को खरना, 15 को पहला और 16 नवंबर को अंतिम अर्घ्य दिया जाएगा।

