
यूसील प्रबंधन को 48 घंटे का अल्टीमेटम
*बकाया अर्जित अवकाश राशि के भुगतान को लेकर ठेका मजदूर यूनियन ने कहा- दो साल बाद भी समझौते पर अमल नहीं, आंदोलन की चेतावनी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता,जादूगोड़ा
झारखंड ठेका मजदूर यूनियन, नरवा पहाड़ माइंस ने ठेका मजदूरों के बकाया अर्जित अवकाश (अर्न्ड लीव) की राशि के भुगतान को लेकर यूसीआईएल प्रबंधन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यूनियन के अनुसार, 19 नवंबर 2024 को सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), चाईबासा के कार्यालय में हुए त्रिपक्षीय समझौते के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
यूनियन ने डीजीएम/एचओडी (एचआर) राकेश कुमार को पत्र भेजकर 48 घंटे के भीतर भुगतान की समय-सीमा की लिखित जानकारी मांगी है। बोलेरो सुरक्षा वाहन, एंबुलेंस, स्कूल बस, ट्रक, विंगर, कैंपर आपातकालीन सेवा, साइकिल स्टैंड, एसटीएमटी ऑपरेटर और अतिथि गृह में कार्यरत ठेका मजदूरों की राशि लंबित होने की बात कही गई है।
यूनियन अध्यक्ष सुधीर सोरेन और महासचिव विद्यासागर दास ने कहा कि समझौते के दो साल बाद भी मजदूरों को उनका हक नहीं मिला है, जिससे उनमें आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि 48 घंटे में लिखित जवाब नहीं मिलने पर मजदूरों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। पत्र की प्रतिलिपि सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), चाईबासा को भी भेजी गई है।

