
दीपावली की रात बंद घर का ताला तोड़कर पोटका में 2.50 लाख की चोरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका थाना क्षेत्र के जुड़ी गांव में दीपावली की रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवर समेत करीब 2.50 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना रविवार रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
भुक्तभोगी विकास गोप के अनुसार, वह पत्नी के साथ मानगो स्थित ससुराल गए थे, जबकि उनकी मां घर पर थीं। मां काली पूजा के लिए स्थानीय मंदिर गई थीं। रविवार तड़के करीब तीन बजे लौटने पर उन्होंने घर के दरवाजे और अलमारी का ताला टूटा पाया। जांच करने पर अलमारी में रखे 45 हजार रुपये नकद, सोने के दो हार, दो अंगूठियां, चांदी की तीन पायल, चार अंगूठियां और दो बिछिया गायब मिले। चोर मिट्टी का पैसों से भरा गुल्लक भी तोड़कर ले गए और उसे झाड़ियों में फेंक दिया।
घटना की लिखित सूचना थाना में दी गई है। थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, एसआई कुंदन वर्मा और मिथुन किस्कू ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिला एफएसएल टीम ने भी फिंगरप्रिंट के नमूने एकत्र किए हैं।

