

ईचागढ़ में 15 यूनिट बकरियों का वितरण, पशुपालन से आय बढ़ाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता, ईचागढ़
किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने ईचागढ़ प्रखंड में लाभुक किसानों के बीच 15 यूनिट बकरियों का वितरण किया। जिला परिषद सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुए वितरण कार्यक्रम में किसानों को पशुपालन के जरिए अतिरिक्त आमदनी अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस दौरान पशुओं के उचित रखरखाव, खानपान, स्वास्थ्य जांच और नियमित टीकाकरण की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कृषि के साथ पशुपालन अपनाकर किसान अपनी आजीविका के साधनों का विस्तार कर सकते हैं। लाभुकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा अन्य किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। मौके पर पशुपालन विभाग के पदाधिकारी-कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं लाभुक किसान उपस्थित थे।

