

वर्दी की आड़ में रिश्वत का खेल: 29 हजार घुस लेते एएसआई चंदन झा गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
साहेबपुरकमाल/बेगूसराय साहेबपुरकमाल
थाना में तैनात एक एएसआई को निगरानी की टीम ने रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया है। मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना का है। सोमवार को पटना से पहुंची निगरानी की टीम ने प्रखंड मुख्यालय के समीप एक फोटोस्टेट दुकान के पास कार्रवाई करते हुए थाना में पदस्थापित असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर चंदन झा को रिश्वत की राशि के साथ पकड़ लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहेबपुरकमाल गांव के वार्ड संख्या 8 निवासी स्वर्गीय विशेश्वर यादव के पुत्र अमित कुमार ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी। पीड़ित अमित कुमार का आरोप है कि साहेबपुरकमाल थाना कांड संख्या 279/26 में नाम हटाने के एवज में उनसे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया।
और फिर सोमवार को जैसे ही कथित तौर पर रिश्वत की रकम ली गई, निगरानी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई को 29 हजार रुपये के साथ दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद निगरानी की टीम उन्हें अपने साथ लेकर खगड़िया चली गई, जहां से आगे की कार्रवाई के लिए भागलपुर ले जाने की बात कही जा रही है।

