छठ घाट पर चाय-बिस्कुट, पत्रकारों का सम्मान और गौ-सेवा करेगा मारवाड़ी युवा मंच
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
मारवाड़ी युवा मंच की जादूगोड़ा शाखा ने आगामी पर्वों और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर चार महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। शाखा अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में छठ व्रतियों की सेवा, पत्रकारों का सम्मान, गौ-सेवा और पेयजल सुविधा बहाल करने की जिम्मेदारी लेने पर सहमति बनी।
निर्णय के अनुसार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंच के सदस्य गायों को हरी सब्जियां, गुड़ और पुआल खिलाकर गौ-सेवा करेंगे। वहीं, 16 नवंबर को छठ महापर्व पर सुबह 5:30 बजे से घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय-बिस्किट की व्यवस्था की जाएगी। इसी दिन दोपहर तीन बजे जादूगोड़ा के प्रेस रिपोर्टरों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में माइंस स्टेशन परिसर में लंबे समय से खराब पड़ी पानी की टंकी की मरम्मत और रखरखाव का जिम्मा भी मंच ने उठाया। टंकी ठीक होने से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने कहा कि सेवा और समाजहित मंच का मूल उद्देश्य है। पर्वों को जनसेवा से जोड़कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में शुभम अग्रवाल, राज अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, रुपेश लोढ़ा, अनिल लोढ़ा, निरंजन लोढ़ा, अक्षय अग्रवाल, आयुष अग्रवाल और निखिल अग्रवाल समेत शाखा की पूरी कार्यकारिणी उपस्थित थी।

