जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। समाहरणालय में आयोजित जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपते हुए समाधान की मांग की।
जनशिकायत निवारण दिवस में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, सड़क निर्माण व मरम्मत, जर्जर पुलिया की मरम्मत, भूमि विवाद, जमीन की मापी एवं सीमांकन, अवैध कब्जा, आर्म्स लाइसेंस, पटाखा लाइसेंस तथा जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा नक्सली हिंसा में मारे गए व्यक्ति के आश्रित को नौकरी देने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, दाखिल-खारिज, भूमि अभिलेखों में सुधार, अतिक्रमण हटाने, पेयजल संकट और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने जैसे मामले भी उठाए गए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की जांच कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनशिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा हो। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ जनहित से जुड़े मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

