गोलमुरी के केबुल बस्ती क्षेत्र में आगलगी से प्रभावित परिवार से विधायक पूर्णिमा साहू ने की मुलाकात
खाद्य सामग्री की भेंट, ब्लूस्कोप टीन एवं लोहे की पाइप से कराएंगी अस्थायी आवास की व्यवस्था, सरकारी सहायता हेतु सीओ से भी की बात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के गोलमुरी अंतर्गत केबुल बस्ती, लाइन नंबर-3 निवासी शकुंतला देवी के घर में पिछले दिनों आग लगने से काफी नुकसान हुआ था। इस घटना में उनका घर और सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और शकुंतला देवी एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर आगलगी से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिवार की कठिनाइयों को समझते हुए तत्काल आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही, परिवार को जल्द राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 15 ब्लूस्कोप टीन एवं लोहे की पाइप के माध्यम से अस्थायी आवास की व्यवस्था कराई जा रही है, जिससे प्रभावित परिवार को शीघ्र सुरक्षित एवं सम्मानजनक आश्रय मिल सके।
विधायक पूर्णिमा साहू ने मौके से ही अंचल अधिकारी से दूरभाष पर बात कर घटना की जानकारी दी और पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। अंचल अधिकारी ने शीघ्र अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराने एवं नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने आगलगी की घटना पर दुःख जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से पहल की जा रही है।
इस दौरान भाजपा गोलमुरी मंडल के महामंत्री अशोक सामंत, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष बिमला साहू, राकेश कुमार, राहुल यादव समेत स्थानीय कार्यकर्ता एवं बस्तीवासी मौजूद रहे।

