छुट्टी पर जाने वाले सैनिकों के लिए विशेष आरक्षण की मांग
*आरटीआई कार्यकर्ता सिरमा देवगम ने रक्षा मंत्रालय को लिखा पत्र, रेल, बस और हवाई यात्रा में रियायत देने का आग्रह*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
आरटीआई कार्यकर्ता सह समाजसेवी सिरमा देवगम ने रक्षा मंत्रालय को पत्र लिखकर छुट्टी पर घर जाने वाले सेना के जवानों के लिए रेल, बस और हवाई यात्रा में विशेष आरक्षण तथा किराये में रियायत देने की मांग की है।
देवगम ने पत्र में कहा है कि देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात जवान महीनों की ड्यूटी के बाद 15-20 दिनों की छुट्टी में परिवार से मिलने घर लौटते हैं। लेकिन यात्रा के दौरान उन्हें कन्फर्म टिकट नहीं मिलने, प्रतीक्षा सूची और भीड़भाड़ के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। कई जवानों को लंबी दूरी तक बसों में खड़े होकर सफर करना पड़ता है, जिससे उनकी छुट्टियां भी प्रभावित होती हैं।
उन्होंने मांग की है कि प्रत्येक मेल और एक्सप्रेस ट्रेन में छुट्टी पर जा रहे सैनिकों के लिए चार बर्थ आरक्षित हों तथा सैन्य पहचान-पत्र और अवकाश प्रमाणपत्र दिखाने पर सीट उपलब्ध कराने की व्यवस्था बने। सैनिकों को रेल किराये में 50 प्रतिशत छूट देने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
पत्र में राज्य परिवहन निगमों और राष्ट्रीय परमिट वाली निजी बसों में दो सीटें सैनिकों के लिए आरक्षित करने की मांग की गई है। घरेलू विमान सेवाओं में 15-20 प्रतिशत विशेष कोटा, किराये में रियायत, हवाई अड्डों पर अलग चेक-इन काउंटर और प्राथमिकता के आधार पर बोर्डिंग सुविधा देने का भी आग्रह किया गया है।

