*रगदारी कांड में फंसने के डर से रची हमले की साजिश, पांच गिरफ्तार
*आदित्यपुर पुलिस के सामने खुली पोल; मुख्य आरोपी दस दिन पहले ही जेल से आया था बाहर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
रंगदारी के मामले से बचने के लिए खुद पर जानलेवा हमले की झूठी कहानी गढ़ना पांच आरोपियों को भारी पड़ गया। आदित्यपुर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पांचों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास प्रगति नगर, वार्ड संख्या सात निवासी विकास पोद्दार ने रंगदारी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 308/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी बीच 28 अक्टूबर की शाम करीब आठ बजे मुख्य आरोपी राहुल पंडित और उसके चार साथियों ने सालडीह चौक के पास अज्ञात लोगों द्वारा उन पर जानलेवा हमला किए जाने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की जांच की तो हमले की कहानी संदिग्ध निकली। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने रंगदारी के मामले से बचने और जांच को भटकाने के लिए झूठी घटना रची थी।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार पंडित (ओल्ड विद्युत नगर), शिवा कुमार (टीचर्स ट्रेनिंग मोड़, गम्हरिया), आकाश सिंह (सालडीह बस्ती), जुलू माली (विद्युत नगर) और मुकेश केवट (सालडीह बस्ती) शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, राहुल पंडित पहले भी कई आपराधिक मामलों में आरोपित रहा है और करीब दस दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

