*प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का सख्ती से हो पालन : संजीव सरदार*
*कोडरमा में विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की बैठक, खनन से लेकर कचरा प्रबंधन तक की समीक्षा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, रांची
पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण विषय उठाए। कोडरमा परिसदन में समिति के सभापति एवं विधायक उदय शंकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन पर जोर दिया गया।
बैठक में खनन, वन, पेयजल एवं स्वच्छता, स्वास्थ्य, परिवहन, राजस्व, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन, श्रम, उद्योग समेत अन्य विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। सभापति ने खदानों और क्रशर इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
समिति के सदस्य संजीव सरदार ने वन विभाग से पौधरोपण की स्थिति की जानकारी लेते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को जैव-चिकित्सीय कचरे तथा नगर निकायों को ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
परिवहन विभाग को वाहनों की नियमित जांच कराने और प्रदूषण मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएफओ सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर, एसडीओ निर्मल सोरेन, डीटीओ विजय कुमार सोनी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

