मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट स्थित मोबाइल दुकान में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 19 वर्षीय करन गोप को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी के 35 मरम्मत के लिए रखे मोबाइल फोन और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर सामान चुरा लिया था। दुकान संचालक सुभाष कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर गुवा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के उद्भेदन के लिए गठित छापेमारी दल को जांच के दौरान शक्ति नगर निवासी करन गोप की संलिप्तता की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।

