*आदित्यपुर में युवक की हाइटेंशन करंट से मौत*l
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मांझी टोला में बुधवार सुबह हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से करीब 30 वर्षीय मुन्ना मुंडारी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने घर की छत पर काम कर रहे थे। छत के पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लगा और उनकी जान चली गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे ने घनी आबादी वाले इलाकों में मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रहे हाईटेंशन तारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसे तारों और भवनों के बीच सुरक्षित दूरी की व्यवस्था की जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

