
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को, कदाचार रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। रविंद्र भवन में आयोजित ब्रीफिंग में उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 के लिए दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा होगी।
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच, कतार प्रबंधन और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिला मुख्यालय से बाहर स्थित 12 केंद्रों सहित सभी परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों की सुरक्षित एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। मोबाइल फोन और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक के साथ सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग में एसडीएम धालभूम, एसडीएम घाटशिला, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

