रबी की बेहतर उपज के लिए किसानों को बताए खेती के उन्नत तरीके
प्रमाणिक बीज, संतुलित उर्वरक और सरकारी अनुदान की जानकारी दी गई
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
रबी की फसल में बेहतर पैदावार के लिए किसानों को सही बीज, संतुलित उर्वरक और मौसम के अनुकूल खेती अपनाने की जानकारी दी गई। बुधवार को तेघड़ा के अटल कलाम भवन सभागार में रबी महाअभियान 2026 के तहत आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उत्पादन वितरण कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन, प्रमाणिक बीज-उर्वरक और कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में बताया गया। उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर फसल की उत्पादकता बढ़ाने और सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राधिका कुमारी, बीसीओ रागिनी कुमारी और बीटीएम अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता राधिका कुमारी ने की। इसमें कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार और किसान शामिल हुए।
वैज्ञानिक खेती से उत्पादन बढ़ाने पर जोर
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने किसानों तक कृषि विभाग की तकनीकी जानकारी और योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी उर्वरक विक्रेता किसानों से उर्वरक के निर्धारण मूल से ज्यादा राशि लेता है तो उस पर त्वरित कार्रवाई होगी। किसाने की थोड़ी कम उपस्थिति पर उन्होंने अगले कार्यक्रमों में सूचना व्यवस्था मजबूत रखने की बात भी कही। प्रखंड कृषि पदाधिकारी राधिका कुमारी ने रबी मौसम में समय पर कृषि कार्य करने और उन्नत तकनीक अपनाने की आवश्यकता बताई। बीसीओ रागिनी कुमारी ने सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी, जबकि बीटीएम अमरेश कुमार ने फसल प्रबंधन तथा जलवायु अनुकूल खेती के उपाय बताए।
कृषि समन्वयक राकेश कुमार ने प्रमाणिक बीज, उर्वरक और अन्य कृषि आदानों से जुड़ी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में किसानों को अनुदान एवं विभागीय सुविधाओं का पारदर्शी लाभ लेने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कृषि समन्वयक मृत्युंजय कुमार, कृषि सलाहकार संजीव कुमार ,नीरज कुमार,सुरेंद्र कुमार,प्रगतिशील किसान सुधीर राय,हरेराम सिंह सहित अन्य किसानों और कर्मी मौजूद थे

