खड़गे की टिप्पणी कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक संस्कारों का परिचायक: रघुवर दास
प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता को राजनीति में घसीटना अमर्यादित, कांग्रेस अध्यक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगें
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति, नेतृत्व की हताशा और चुनावों में लगातार मिल रही हार की खीज को दर्शाता है।
रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों का विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उनके स्वर्गीय पिता को राजनीति में घसीटना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां करती रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने खड़गे से अपने बयान पर जवाब देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मर्यादा और संस्कार से समझौता नहीं होना चाहिए।

