निर्वाचन साक्षरता के जरिए युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने पर जोर
*आरका जैन विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले, 10 प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिया मतदाता जागरूकता का संदेश*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आरका जैन विश्वविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम 2026 के जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने निर्वाचन साक्षरता क्लब की भूमिका और आयोजन के उद्देश्यों की जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने युवाओं से निर्वाचन संबंधी सही जानकारी परिवार और समाज तक पहुंचाने तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की, जिनका नाम अब तक दर्ज नहीं है। इसके लिए प्रपत्र-6 से आवेदन करने के साथ मतदाता सूची में विवरण के संशोधन और नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से विद्यालय, परिवार और समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच करने की अपील की।
ग्रैंड फिनाले में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित 10 प्रतियोगिताओं में भाग लिया। वाद-विवाद, भाषण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, रील, नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से निष्पक्ष निर्वाचन तथा मताधिकार के महत्व का संदेश दिया गया। विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया और प्रतिभागियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त एजाज अनवर, एसडीओ अभिनव प्रकाश, सहायक नगर आयुक्त अमित कुमार व विपुल सैनी, अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, श्रम निरीक्षक अविनाश कुमार, बीडीओ प्रधान मांझी सहित अन्य पदाधिकारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

