लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली में आंदोलन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मेयर सुधा गुप्ता हुए शामिल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दिल्ली, 12 अक्टूबर। लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए दिल्ली में आयोजित आंदोलन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने भागीदारी निभाई। इसमें झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता शामिल हुईं।
आंदोलन के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और पात्र नागरिकों के मताधिकार पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने, त्रुटियों में समयबद्ध सुधार और शिकायतों के निष्पक्ष निवारण पर जोर दिया। वहीं, मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा तथा चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था जरूरी है।
आंदोलन में मांग की गई कि किसी पात्र नागरिक का नाम त्रुटिवश मतदाता सूची से नहीं हटे और प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने तथा आवश्यक सुधार कराने का पर्याप्त अवसर मिले। कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया को आवश्यक बताया।

