कवि-गीतकार डॉ. संजय पंकज को मिलेगा ‘रचनाकार साहित्यश्री सम्मान’
साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए होगा सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
मुजफ्फरपुर/कोलकाता। मुजफ्फरपुर के चर्चित कवि-गीतकार एवं साहित्यकार डॉ. संजय पंकज को साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘रचनाकार भारत फाउंडेशन’ की ओर से ‘रचनाकार साहित्यश्री सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके साहित्यिक अवदान और सृजनात्मक योगदान का सम्मान है।
‘मंजर-मंजर आग लगी है’, ‘यहां तो सब बंजारे’, ‘शब्दों के फूल खिले’ और ‘शून्य में अनहद बाजा’ जैसे चर्चित गीत-संग्रहों के रचनाकार डॉ. संजय पंकज ने साहित्य जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। हिंदी फिल्म ‘भूमि’ में अभिनय के माध्यम से भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
डॉ. संजय पंकज को इससे पहले भी विभिन्न प्रांतीय एवं राष्ट्रीय पुरस्कारों और सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्तमान में वे ‘निराला निकेतन’, ‘बेला’, ‘कला अभिप्राय’ और ‘ऑनेस्ट रिपोर्टर’ जैसी पत्रिकाओं के संपादन से जुड़े हैं। साहित्य, संस्कृति और कला के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका निरंतर बनी हुई है।
डॉ. संजय पंकज को मिलने वाला यह सम्मान मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार के साहित्यिक जगत के लिए गौरव का विषय है। गीत-सृजन के प्रति उनकी निष्ठा और साहित्य-संस्कृति के प्रति समर्पण ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। यह सम्मान उनके साहित्यिक सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

