दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी और एसएसपी ने घाटों का किया निरीक्षण
सुरक्षा, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा विसर्जन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ौदा घाट, दोमुहानी, भुइयाँडीह, स्वर्णरेखा घाट, सती घाट और पांडेय घाट सहित अन्य घाटों पर प्रशासनिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने, प्रशिक्षित गोताखोरों एवं बचाव दल की तैनाती तथा जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रखने पर विशेष जोर दिया गया। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए सतर्क निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन घाटों और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ललित मीणा, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर मुकेश मछुआ, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, डीएसपी ट्रैफिक तथा विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

