रूपी सोरेन का निधन, सोरेन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
*लंबे समय से बीमार थीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां, रांची के अस्पताल में ली अंतिम सांस*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, रांची
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोरेन परिवार, झामुमो नेताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
बुधवार 7 अक्टूबर को उनकी हालत अचानक बिगड़ी। रिपोर्टों के अनुसार हार्ट रेट अनियंत्रित होकर लगातार गिर रहा था, जिसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया गया और अस्थायी पेसमेकर लगाने की तैयारी की गई थी।
रूपी सोरेन को 18 सितंबर को सांस लेने में परेशानी के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के निदेशक डॉ. नितेश प्रिया ने पीटीआई को बताया था कि कई जटिलताओं के कारण उनकी हालत गंभीर थी। बुधवार को तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा था। हृदय की स्थिति भी लगातार चिंताजनक बनी हुई थी।
मां की गंभीर स्थिति की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को अपने कई निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों का पहुंचना शुरू हो गया था।
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार ने अपनी एक महत्वपूर्ण वरिष्ठ सदस्य को खो दिया। उनके निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की प्रतिक्रिया सामने आई। इस आपदा की घड़ी में “राष्ट्र संवाद” गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

