आरकेएफएल में कर्मचारी हुए साइबर अपराध से जागरूक
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच सरायकेला-खरसावां साइबर थाना की टीम ने बुधवार को रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के दुगनी प्लांट में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित अभियान में करीब 200 कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीकों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने कर्मचारियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और किसी भी अज्ञात एप्लीकेशन या एपीके फाइल को मोबाइल में डाउनलोड अथवा इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी। विशेष रूप से आरटीओ चालान, शादी के निमंत्रण, पीएम किसान, बिजली बिल और केवाईसी अपडेट के नाम पर भेजी जाने वाली एपीके फाइलों से सावधान रहने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि ऐसी फाइलें इंस्टॉल करने से मोबाइल में मौजूद निजी और संवेदनशील जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती है।
कर्मचारियों को फोन पर किसी अजनबी को बैंक खाता, ओटीपी, आधार, पैन अथवा अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की हिदायत दी गई। साथ ही लॉटरी, केबीसी और नौकरी के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल व संदेशों से भी सतर्क रहने को कहा गया।

