मुर्दा मैदान की सफाई नहीं हुई तो निगम कार्यालय के पास डालेंगे कचरा : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अपर नगर आयुक्त को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान में जमा कचरे की सफाई नहीं हुई और निगम ने कचरा डालने की जगह नहीं बताई तो स्थानीय लोग खुद सफाई करेंगे। इसके बाद वहां से निकला कचरा मानगो नगर निगम कार्यालय के बगल में गिराया जाएगा।
सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा कि एक अक्टूबर को स्थानीय लोगों के बुलावे पर वह मुर्दा मैदान पहुंचे थे। वहां भारी मात्रा में कचरा जमा मिला, जिससे दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरे मानगो में सफाई अभियान चलाया जा रहा है तो मुर्दा मैदान की सफाई क्यों नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि सोनाराम मांझी सहित अन्य लोगों ने सफाई पर सहमति जताई है, लेकिन अतिक्रमण नहीं करने की शर्त रखी है। सरयू राय के अनुसार, कल्याण विभाग ने उनकी पहल पर मुर्दा मैदान की घेराबंदी कराने का निर्णय लिया है।
उन्होंने वसुंधरा एस्टेट के सामने स्वर्णरेखा परियोजना की जमीन पर कचरा डंप करने पर भी निगम को घेरा। कहा कि कचरा प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक व्यवस्था जरूरी है। एनएच-33 किनारे शेड बनाकर कॉम्पैक्टर मशीन से कचरे को दबाने और निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाने की मांग की। उन्होंने निगम को इस व्यवस्था के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।

