जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन पर रोक का निर्णय वापस लेने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा-अमृतसर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में आज सतबीर सिंह सूमो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार जैन से मुलाकात कर जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की चिंताओं और जनभावनाओं को मजबूती से रखा।
इस दौरान माननीय रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने के निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए। कोहरे की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक, नियंत्रित गति एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ ट्रेन का नियमित परिचालन जारी रखा जाए।
सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण जनसेवा है। यह ट्रेन लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण शहरों तथा धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ती है।
विशेष रूप से श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, अयोध्या एवं ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रेल सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है। हजारों यात्री धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के लिए इस ट्रेन पर निर्भर हैं। ऐसे में कोहरे के कारण इसका परिचालन पूरी तरह बंद करना यात्रियों के लिए गंभीर कठिनाई उत्पन्न करेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे आज आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। फॉग-सेफ डिवाइस, आधुनिक सिग्नलिंग, संचार व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा तकनीकों के माध्यम से कोहरे के दौरान भी सुरक्षित रेल परिचालन को बेहतर बनाया जा सकता है। आवश्यकता होने पर ट्रेन की गति नियंत्रित की जाए और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जाएं, लेकिन इतनी महत्वपूर्ण जनसेवा को पूरी तरह बंद करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने रेल प्रशासन से आग्रह किया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवा की निरंतरता के बीच संतुलन बनाते हुए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन जारी रखने का जनहितकारी समाधान निकाला जाए।
सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की इस महत्वपूर्ण मांग को उचित स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और यात्रियों के हित में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
इस अवसर पर चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे,हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर,हरदीप सिंह,सहित भाजपा के सिख समाज से जुड़े अनेक नेता एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद नहीं करने तथा यात्रियों के हित में ट्रेन को नियमित रूप से चलाए जाने की मांग का समर्थन किया।
18103/18104 जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को कोहरे के कारण बंद करने का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए।
ट्रेन का नियमित परिचालन जारी रखा जाए।
कोहरे के दौरान आधुनिक सुरक्षा तकनीक एवं नियंत्रित गति का इस्तेमाल किया जाए।
यात्रियों की धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए।
-यात्री सुरक्षा के साथ रेल सेवा की निरंतरता सुनिश्चित की जाए।
जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और अमृतसर के बीच सिर्फ रेल संपर्क नहीं, बल्कि देश की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। इसे बंद करने के बजाय सुरक्षित और सुचारु परिचालन सुनिश्चित करना ही जनहित में उचित कदम होगा।

