लेखक: इंद्र यादव
इस विचारोत्तेजक लेख में वरिष्ठ लेखक इंद्र यादव जीवन के गूढ़ सत्य को उजागर करते हुए बताते हैं कि कैसे गुण की कीमत हमें सुकून देती है जबकि गुनाह की कीमत अंततः बर्बादी की ओर ले जाती है। आधुनिक समाज में नैतिक मूल्यों के पतन पर यह एक गहन चिंतन है।
गुण की कीमत मिलती है… गुनाह की चुकानी पड़ती है!
गुण की कीमत मिलती है… गुनाह की चुकानी पड़ती है!
इंद्र यादव/मुंबई/गुण और गुनाह,दोनों की कीमत होती है। फर्क सिर्फ इतना है कि गुण की कीमत तुम्हें मिलती है, और गुनाह की कीमत तुम्हें चुकानी पड़ती है। और ये फर्क ही सब कुछ है। बाकी सब ढकोसला है।
गुनाह कभी मुफ्त नहीं होता
आजकल हर कोई यही सोचता है कि गुनाह मुफ्त में हो जाता है। थोड़ा सा झूठ बोल लिया, थोड़ा धोखा दे दिया, थोड़ा रिश्वत खा ली, थोड़ा किसी का हक मार लिया… तो क्या हो गया! कोई पूछने वाला थोड़े ही है। दुनिया तो चल ही रही है न भाई! लेकिन ये सोच ही सबसे बड़ा गुनाह है। क्योंकि गुनाह कभी मुफ्त नहीं होता। वो कीमत बाद में वसूलता है। और वो कीमत इतनी महंगी होती है कि आदमी रोते-रोते भी नहीं चुका पाता।
गुनाह की कीमत: रिश्ते टूटते हैं, नींद उड़ती है
देखो आसपास। वो आदमी जो रोज दूसरों के हक मार रहा है, वो रात को कितनी आसानी से सो पाता है! वो नेता जो जनता का पैसा खाकर महल बना रहा है, वो कितना खुश है असल में! वो दोस्त जो तुम्हारे साथ धोखा कर गया, वो कितना सुकून से जी रहा है! बाहर से सब चमक-दमक दिखाते हैं, लेकिन अंदर से वो सड़े हुए हैं। क्योंकि गुनाह की कीमत तुरंत नहीं, धीरे-धीरे चुकानी पड़ती है। रिश्ते टूटते हैं, नींद उड़ती है, भरोसा खत्म होता है, और आखिर में आदमी खुद से ही नफरत करने लगता है।
गुण की कीमत: सुकून और आत्मविश्वास
और गुण! गुण की कीमत भी लगती है। सच बोलने की कीमत लगती है। ईमानदारी की कीमत लगती है। सही रास्ते पर चलने की कीमत लगती है। लोग हंसते हैं, मजाक उड़ाते हैं, पीछे से चाकू घोंपते हैं। लेकिन कीमत मिलती है। सुकून मिलता है। आत्मविश्वास मिलता है। और जब वक्त आता है, तो दुनिया भी सिर झुकाकर कहती है – ये इंसान था।
समाज का संकट: अल्पकालिक मजा, दीर्घकालिक बर्बादी
आज समाज में यही सबसे बड़ा संकट है। लोग गुण की कीमत चुकाने को तैयार नहीं हैं, लेकिन गुनाह की कीमत चुकाने के लिए हमेशा तैयार बैठे हैं। क्योंकि गुण की कीमत तुरंत नहीं मिलती, और गुनाह का मजा तुरंत मिल जाता है। ये ही तो जाल है। अल्पकालिक मजा, दीर्घकालिक बर्बादी।
कर्म का सिद्धांत: कोई नहीं बच सकता
भाई, समझ लो एक बात। दुनिया में कोई भी काम मुफ्त नहीं होता। न अच्छा, न बुरा। गुण करोगे तो कीमत मिलेगी – सम्मान, सुकून, आत्मगौरव, और कभी-कभी तो खुदा भी साथ खड़ा हो जाता है। गुनाह करोगे तो कीमत चुकानी पड़ेगी – पछतावा, अकेलापन, बीमारी, रिश्तों का टूटना, और आखिर में खुद के साथ धोखा।
कुछ लोग कहते हैं कि ये सब किस्मत है, भाग्य है। झूठ है सब। किस्मत तो वही है जो तुम खुद बनाते हो अपने गुण-गुनाह से। आज तुम जो बो रहे हो, कल वही काटोगे। कोई भी बच नहीं सकता। न अमीर, न गरीब, न नेता, न आम आदमी।
तो अब फैसला तुम्हारे हाथ में है। गुण की कीमत चुकाने को तैयार हो… या गुनाह की कीमत चुकाने को? क्योंकि दोनों की कीमत लगेगी ही। फर्क सिर्फ इतना है कि एक में तुम्हें मिलता है, दूसरे में तुम देते हो।
सोचो… और फिर फैसला करो। क्योंकि वक्त किसी का इंतजार नहीं करता। और कीमत… वो तो वसूल ही लेगी।
निष्कर्षतः, यह लेख हमें याद दिलाता है कि नैतिकता कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवन की सबसे मूल्यवान पूंजी है। अधिक गहराई से समझने के लिए आप कर्म के सिद्धांत पर विकिपीडिया का लेख पढ़ सकते हैं।

