समपारों पर नुक्कड़ नाटक से रेल संरक्षा के प्रति किया जागरूक
बंद फाटक के नीचे से न निकलने और ट्रैक पर कूड़ा न फेंकने की दी गई सलाह
राष्ट्र संवाद ब्यूरो
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में रेल संरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रजत प्रताप सिंह के निर्देशन में गोंडा स्टेशन तथा गोंडा-इटियाथोक रेलखंड के विभिन्न समपारों पर यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं को संरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत समपार संख्या 160 स्पेशल, 158एसी, 158ए तथा 153सी पर संरक्षा विभाग और काकुल फाउंडेशन की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। कलाकारों ने रोचक तरीके से लोगों को बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकलने के खतरों के बारे में बताया। साथ ही गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए दबाव नहीं डालने, रेलवे ट्रैक पर कूड़ा न फेंकने तथा मवेशियों को रेल पटरियों पर न ले जाने की अपील की गई।
गोंडा स्टेशन पर भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेल संरक्षा के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मंडल के संरक्षा सलाहकार, स्टेशन अधीक्षक गोंडा, स्वास्थ्य निरीक्षक, आरपीएफ तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों के बीच पंपलेट वितरित कर आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी।
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि समपारों पर हमेशा निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी स्थिति में जल्दबाजी या लापरवाही न बरतें।

