सीतारामडेरा फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और स्कूटी बरामद; मुख्य आरोपी कोदू के खिलाफ पहले से 18 मामले दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में 1 अक्टूबर की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू (32), मो. कैफ उर्फ स्मोलू (23) और दशरथ शुक्ला (44) शामिल हैं। शनिवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात करीब 11:15 बजे फायरिंग की सूचना मिलने के बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान राज सिंह कश्यप और मो. कैफ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की। दोनों आरोपियों को सहयोग देने के आरोप में दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया गया।
मुख्य आरोपी कोदू के खिलाफ 18 पुराने मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू के खिलाफ पहले से 18 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामले शामिल हैं। वहीं, मो. कैफ उर्फ स्मोलू के खिलाफ चार पुराने मामले दर्ज बताए गए हैं। कोदू काशीडीह, साकची का निवासी है, जबकि स्मोलू साकची क्षेत्र और दशरथ शुक्ला गोलमुरी के टुईलाडूंगरी का रहने वाला है।
इस मामले में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 105/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। एसएसपी ने बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

