*54वें जिला स्थापना दिवस पर दुर्गा नर्सिंग होम के संचालक डॉ. रमण कुमार झा को डीएम ने किया सम्मानित*
*नितेश सिंह राजपूत*
*बखरी (बेगूसराय)।* बखरी सलोना ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर बखरी के लिए गर्व का क्षण। गांधी जयंती और 54वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार की रात्रि 2 अक्टूबर को दिनकर कला भवन, बेगूसराय में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में बखरी के चर्चित चिकित्सक एवं दुर्गा नर्सिंग होम के संचालक डॉ. रमण कुमार झा को सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान सलोना बड़ी ठाकुरबाड़ी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, प्रचार-प्रसार और पांडुलिपि सर्वेक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने मंच से प्रशस्ति-पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया।
समाहरणालय, बेगूसराय द्वारा प्रदान प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि डॉ. झा ने विरासत संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है और सलोना बड़ी ठाकुरबाड़ी को हेरिटेज के रूप में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया है।
सम्मान मिलने पर डॉ. झा ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी विरासत और आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के प्रयासों का सम्मान है।
