एम एस पब्लिक स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए पुरस्कृत
खोदावंदपुर, बेगूसराय। दौलतपुर गांव स्थित एम एस पब्लिक स्कूल में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी पिंटू शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक रामसुंदर यादव ने किया. कार्यक्रम का उद्घाटन सेवानिवृत्त शिक्षक एवं मुख्य अतिथि युगेश्वर महतो, समाजसेवी पिंटू शर्मा, राजेश कुमार, सनातन दास, विद्यालय के निदेशक सिकंदर कुमार एवं शिक्षक रामसुंदर कुमार समेत अन्य अतिथियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक युगेश्वर महतो ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचार एवं देश के प्रति उनके योगदान की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया. विद्यालय के निदेशक सिकंदर कुमार ने कहा कि जयंती समारोह के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये. बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे.

