*बखरी में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, एसडीएम ने कहा – भाईचारे के साथ मनाएं पर्व*
*बखरी (बेगूसराय)।* दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बखरी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने की। इसमें पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, जुलूस मार्ग और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन के नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पूजा का आयोजन करें। किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पूजा समितियां पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को बताएं।
थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार यादव ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। पूजा समितियों को निर्धारित समय और तय मार्ग का ही पालन करना होगा। अफवाहों से बचें और कोई भी सूचना मिले तो पुलिस को दें।इंस्पेक्टर गौतम कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस लगातार गश्त करेगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रहेगी। पूजा समितियां सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया।

