अतिक्रमण से कराह रहा था तेघड़ा बाजार, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
तेघड़ा बाजार में सड़क पर अतिक्रमण के कारण बढ़ती परेशानी और जाम की समस्या के बीच सोमवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। सड़क की जमीन पर दुकानें और अस्थायी स्ट्रक्चर बनाए जाने से मुख्य मार्ग समेत आसपास की सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। लोगों को पैदल चलने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा के निर्देश पर नगर परिषद और अंचल प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्टेशन रोड, मस्जिद चौक और मूल्य दुकान के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सड़क की जमीन से बाहर बनाए गए स्ट्रक्चर और गलत तरीके से लगाई गई दुकानों को जेसीबी से हटाया गया।
अभियान का नेतृत्व नगर कार्यपालक पदाधिकारी रेशु कुमारी और अंचलाधिकारी दीपक कुमार ने किया। थाना अध्यक्ष क्रांति रमन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि मुख्य सड़क और संपर्क मार्ग की जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजार को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

