*बखरी में पुलिस ने देह व्यापार गिरोह का किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, नाबालिग बच्ची संरक्षण में*
बखरी/बेगूसराय। आखिर बखरी में कब रुकेगा देह व्यापार का धंधा? पुलिस की तमाम कार्रवाई के बाद भी बखरी में देह व्यापार का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बखरी बाजार का है जहां पुलिस ने एक बार फिर देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए डरी सहमी 16 वर्षीय नाबालिग को बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है।
घटना 27 सितंबर की रात की है। रात्रि गश्ती के दौरान बखरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि बखरी बाजार स्थित महादेव स्थान के पास एक नाबालिग लड़की काफ़ी डरी-सहमी अवस्था में लोगों से मदद मांग रही है। इसकी सूचना पर एसडीपीओ कुंदन कुमार के नेतृत्व में बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को संरक्षण में लिया।
पीड़िता ने बताया कि करीब दो माह पहले बबलू खलीफा उसे बहला-फुसलाकर लाया था और परिवार के साथ मिलकर जबरन देह व्यापार करवाता था। विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
इसी निशानदेही पर पुलिस ने मिरकलापुर नदेल घाट स्थित बबलू खलीफा के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देख 4-5 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
*गिरफ्तार अभियुक्त -* मौके से पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया। उसकी पहचान विशाल कुमार, उम्र 25 वर्ष, पिता बबलू खलीफा, साकिन मिरकलापुर नदेल घाट, थाना बखरी, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी ने फरार आरोपियों के नाम बबलू कुमार, सन्नो देवी, नेहाल कुमार उर्फ सन्नी कुमार तथा कुणाल कुमार बताए हैं।
इस संबंध में बखरी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार यादव ने बताया कि छापेमारी के दौरान घर से आपत्तिजनक सामग्री समेत कई सामान जप्त किए गए हैं।
*जप्त सामग्री -* लैपटॉप-01, मोबाइल फोन-02, DVR-01, मतदाता पहचान पत्र-02, ड्राइविंग लाइसेंस-01, डेबिट/क्रेडिट कार्ड-05, बैंक ऑफ इंडिया का 5 लाख 30 हजार रुपये का भरा हुआ चेक, नगद 10 हजार रुपये एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री।

