संपूर्ण भागीदारी आंदोलन के तहत आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी का प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी ने “संपूर्ण भागीदारी आंदोलन” के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
ज्ञापन में एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं एवं अन्य वंचित वर्गों की सामाजिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में भागीदारी सुनिश्चित करने, महिला आरक्षण में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी तथा दलित, आदिवासी और पिछड़ी महिलाओं के लिए “कोटे के अंदर कोटा” की मांग की गई।
इसके अलावा आरक्षित वर्गों के बैकलॉग पदों को भरने, जाति आधारित जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम, निजी क्षेत्र में आरक्षण, उच्च न्यायपालिका में वंचित वर्गों की भागीदारी बढ़ाने तथा संविदा-आउटसोर्सिंग के स्थान पर स्थायी नियुक्तियों की मांग रखी गई।
संगठन ने सफाईकर्मियों को स्थायी करने, सीवर सफाई में मानव प्रवेश पर रोक, दुर्घटना में मृत सफाईकर्मी के परिवार को ₹30 लाख मुआवजा व सरकारी नौकरी तथा छात्रवृत्ति और छात्रावास से जुड़ी मांगें भी उठाईं। जिला अध्यक्ष बिकश हेम्ब्रम ने कहा कि वंचित वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

