DPAC की बैठक में संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर बनी रणनीति
पंचायत चुनाव की तैयारी, बागबेड़ा जलापूर्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस की डिस्ट्रिक्ट पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (DPAC) की छठी बैठक जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में जमशेदपुर परिसदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई। लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी और जिला प्रभारी शशिभूषण राय की मौजूदगी में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत चुनाव-2027 की तैयारियों के साथ 231 मुखिया, 27 जिला परिषद, 274 पंचायत समिति और 2740 वार्ड पदों के लिए कार्यकर्ताओं के चयन, विधानसभा एवं लोकसभा स्तर पर चौपाल, सम्मेलन और जनसभाओं की रणनीति पर चर्चा हुई। SIR कार्य में BLA-2 की सक्रियता बढ़ाने तथा पार्टी के आगामी आंदोलनों को प्रभावी बनाने पर भी विचार किया गया।
बागबेड़ा ग्रामीण वृहत जलापूर्ति योजना के लंबित कार्य को लेकर जनजागरण अभियान चलाकर आंदोलन करने के प्रस्ताव को प्राथमिकता दी गई। इसके अलावा महंगाई, चीनी-प्याज की कीमतों, E20 पेट्रोल, UPI लेनदेन, महंगी शिक्षा, बढ़ते नशे और यात्री ट्रेनों की देरी जैसे मुद्दों पर आंदोलन एवं नुक्कड़ सभा आयोजित करने पर चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को लेकर जनआंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया। पूर्व सांसद डाॅ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने पंचायत चुनाव की तैयारियों और पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने की बात कही। वहीं संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए अनुशासन समिति के गठन पर भी सहमति बनी।
बैठक में 26 सितंबर को रांची में राजभवन के समक्ष प्रस्तावित मार्च एवं प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से शामिल होने का आग्रह किया गया। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष सह कोऑर्डिनेटर प्रभारी अंसार खान ने किया। उन्होंने बैठक में लिए गए निर्णयों को संगठन के विभिन्न स्तरों तक पहुंचाने और उनके क्रियान्वयन पर जोर दिया।
अंसार खान ने बताया कि DPAC में लिए गए निर्णयों को जल्द ही जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने के साथ कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जाएगा।

