9 अक्टूबर तक आदित्यपुर से चलेंगी चार MEMU ट्रेनें, यात्रियों को राहत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर यार्ड में ट्रेनों के सुचारु परिचालन को देखते हुए चार MEMU यात्री ट्रेनों के टर्मिनल में किए गए अस्थायी बदलाव की अवधि बढ़ा दी है। अब ये ट्रेनें 9 अक्टूबर 2026 तक टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से संचालित होंगी।
रेलवे के अनुसार 68004 गुवा–टाटानगर, 68019 टाटानगर–गुवा, 68020 गुवा–टाटानगर और 68009 टाटानगर–चक्रधरपुर MEMU ट्रेनों का टर्मिनल अस्थायी रूप से आदित्यपुर किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य टाटानगर यार्ड में भीड़भाड़ कम करने के साथ ट्रेनों के परिचालन को बेहतर बनाना है।
रेल प्रशासन के मुताबिक, टर्मिनल परिवर्तन के बाद यार्ड में ट्रेनों के डिटेंशन में कमी आई है और परिचालन व्यवस्था में सुधार हुआ है। इसी को देखते हुए इस व्यवस्था को अगले 15 दिनों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के प्रस्थान और आगमन स्टेशन की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि स्टेशन को लेकर किसी तरह की असुविधा न हो।

