सरयू राय ने पूछा, पूरी रफ्तार से पानी जाने के बावजूद घरों तक क्यों नहीं पहुंच रहा पानी?
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो में दो सप्ताह से जारी पेयजल संकट को लेकर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को इनटेकवेल और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पंप चालू होने और पर्याप्त पानी भेजे जाने के बावजूद कई इलाकों में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है।
सरयू राय ने बताया कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 2137 क्यूमैक्स फ्लो से पानी पहुंच रहा था, जबकि 1852 क्यूमैक्स की रफ्तार से आगे भेजा जा रहा था। इसके बावजूद घरों तक पानी नहीं पहुंचना परिचालन संबंधी गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। उन्होंने वाल्व, पाइपलाइन और टंकियों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था में खामियों पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक टंकी के लिए अलग पाइपलाइन की जरूरत है। बालीगुमा टंकी का कनेक्शन अब तक नहीं जुड़ने पर भी उन्होंने सवाल उठाया। सरयू राय ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, मानगो नगर निगम और ठेकेदार को व्यवस्था में सुधार के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। साथ ही कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद योजना की स्थिति में सुधार नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।

