दिनकर जयंती समारोह को लेकर नुक्कड़ सभा कर दिया न्योता, 23-24 सितंबर को दो दिवसीय भव्य आयोजन। बीहट।
राष्ट्रकवि दिनकर स्मृति विकास समिति, सिमरिया के द्वारा आयोजित 118वें दिनकर जयंती समारोह के 10वें दिन मंगलवार को सिमरिया के विभिन्न नुक्कड़ों पर सभा कर 23-24 सितंबर के कार्यक्रम की जानकारी दी गई।इस अवसर पर समिति के संयुक्त सचिव विनोद बिहारी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 23 सितंबर को दिनकर जयंती के दिन
सुबह 10:00 बजे दिनकर आवास और पंचायत भवन स्थित राष्ट्रकवि दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दिनकर पुस्तकालय स्थित दिनकर स्मृति सभागार में मुख्य जयंती समारोह का आयोजन होगा, जिसमें कला-संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र कुमार, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, स्थानीय विधायक रजनीश कुमार, बेगूसराय नगर विधायक कुंदन कुमार अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं 24 सितंबर दिन गुरुवार को दिनकर पुस्तकालय, सिमरिया के दिनकर स्मृति सभागार में दोपहर 12 बजे से दिनकर की कविताओं पर आधारित नाट्य मंचन अंतरराष्ट्रीय रंग निर्देशक श्री प्रणब मुखर्जी के निर्देशन में सनबीम स्कूल, वाराणसी के कलाकारों के द्वारा होगा। दोपहर 01 बजे से ‘दिनकर और हमारा समय’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित है। इसमें वक्ता के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रो. कमलानंद झा, प्रख्यात लेखक श्री अभय कुमार ठाकुर, जामिया मिलिया, दिल्ली के प्रो. सरवरूल हुदा, प्रो. कमलेश कुमार शामिल होंगे। इसी अवसर पर स्मारिका ‘समर शेष है… 14’ का विमोचन एवं दिनकर सृजनात्मक प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं को पुरस्कार वितरण होगा। संध्या 05 बजे से विराट कवि सम्मेलन का आयोजन दिनकर आवास, सिमरिया में होगा।नुक्कड़ सभा में समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष रामनाथ सिंह, पुस्तकालय अध्यक्ष विश्वम्भर सिंह, शिक्षक जितेंद्र झा, अमरदीप सुमन, प्रियव्रत कुमार, राधे कुमार, संजीव फिरोज आदि मौजूद थे।

