जनसभा में उठे प्रमुख मुद्दे
जनता पुस्तकालय सलौना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शाखा सलौना द्वारा महंगाई, बढ़ते अपराध और पेपर लीक मुद्दे को लेकर जनसभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा के राज्य परिषद सदस्य युवा नेता विजेन्द्र केशरी ने कहा कि संविधान की शपथ लेकर देश के सर्वोच्च पद पर बैठे मोदी जी संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। 80 करोड़ लोग आज भी गरीबी रेखा से नीचे हैं, बेरोजगारी घट नहीं रही है। जब विद्यार्थी और नौजवान सवाल पूछते हैं तो उन्हें देश विरोधी बता दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि चीनी 70 रुपये किलो, सरसों तेल 200 रुपये किलो और टाटा नमक 30 रुपये किलो बिक रहा है। भाजपा सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा कर जनता का नुकसान कर रही है। जनता का ध्यान भटकाने के लिए हिंदू-मुसलमान में नफरत फैलाई जा रही है। बिहार में अपराध चरम पर है, रोज हत्या और बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी 28 सितंबर को पटना में राजभवन का घेराव करेगी, सभी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें।
कृषि और किसान खतरे में
बखरी के पूर्व विधायक सूर्यकान्त पासवान ने कहा कि देश में दो गुजराती मोदी और अमित शाह देश के संस्थानों को बेच रहे हैं और दो गुजराती अंबानी और अडानी सरकारी संपत्ति खरीद रहे हैं। मोदी जी अमेरिका के दबाव में किसानों के खिलाफ समझौता कर रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब मक्का, गेहूं, दूध अमेरिका से आएगा। ऐसा हुआ तो न कृषि बचेगी न किसान।
रविवार संध्या आयोजित सभा की अध्यक्षता मॉर्निंग आजाद ने की, जबकि संचालन पूर्व सरपंच बलराम स्वर्णकार ने किया।
सभा को यूथ फेडरेशन नेता मॉर्निंग सबाब, स्टूडेंट फेडरेशन नेता रौशन कुमार, मो. नसीम, राकेश मालाकार, भाकपा के सहायक अंचल मंत्री जितेन्द्र जीतू और सुरेश सहनी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि बखरी में विकास अवरुद्ध है। पूर्व विधायक द्वारा स्वीकृत सलौना से ब्लॉक चौक तक सड़क निर्माण और चंद्रभागा नदी में पुल निर्माण सहित कई योजनाओं पर काम शुरू नहीं हुआ है।
मोटरसाइकिल मार्च
इससे पहले बखरी अंबेडकर चौक से भाकपा नेता विजेन्द्र केशरी की अगुवानी सैकड़ों मोटरसाइकिल सवार नौजवानों ने की। शाम 4 बजे बारिश होने से कार्यक्रम विलंब से शुरू हुआ। बारिश थमते ही झंडा-पताका और नारेबाजी के साथ बखरी बाजार होते हुए जनता पुस्तकालय तक मोटरसाइकिल मार्च निकाला गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुमित कुमार, श्रीराम चौरसिया, अनिल चौधरी, पंकज कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
अधिक जानकारी के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट देखें।

