‘अबुआ मित्र’ व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू, घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए ‘अबुआ मित्र’ व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में सेवा का उद्घाटन किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा और अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नागरिक 8580090001 नंबर पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर या क्यूआर कोड स्कैन कर सेवा से जुड़ सकेंगे। चैटबॉट के जरिए अपनी भाषा का चयन कर शिकायत दर्ज करने के साथ जरूरी दस्तावेज भी अपलोड किए जा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को जन सहायता पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभाग या पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। शिकायत की स्थिति की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से मिलती रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इस सुविधा से लोगों को शिकायत के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और ग्रामीण व दूरदराज के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।

