जमशेदपुर की कानून व्यवस्था और सड़क हादसों पर कल्कि सेना ने जताई चिंता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। कल्कि सेना जमशेदपुर महानगर की ओर से एग्रीको स्थित महानगर कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की गिरती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और लगातार हो रहे सड़क हादसों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कल्कि सेना के प्रदेश संयोजक एवं मुख्य संरक्षक मनोज सिंह उज्जैन ने कहा कि शहर में चोरी, छिनतई, चापड़बाजी तथा अवैध कारोबार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब, महुआ और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
मनोज सिंह उज्जैन ने कहा कि शहर में लगभग प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोगों की जान जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इन हादसों के लिए जिम्मेदार कौन है और इन्हें रोकने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को गंभीरता दिखानी चाहिए, ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी शहर की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की। उन्होंने प्रशासन से अपराध नियंत्रण, अवैध कारोबार पर रोक तथा सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी अभियान चलाने की अपील की।

