टाटा स्टील यूआईएसएल कर्मचारियों को बोनस की सौगात, 655 कर्मियों में बंटेंगे 7.35 करोड़ रुपये
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। त्योहारों से पहले टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मचारियों को बोनस की सौगात मिली है। सोमवार को कंपनी प्रबंधनt और यूनियन के बीच बोनस समझौता संपन्न हो गया, जिसके तहत 655 कर्मचारियों के बीच कुल 7 करोड़ 35 लाख रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी। बोनस की राशि मंगलवार को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
यूनियन अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि इस वर्ष कर्मचारियों को उनकी श्रेणी के अनुसार बोनस दिया जाएगा। समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 33,176 रुपये से लेकर अधिकतम 3,42,294 रुपये तक बोनस प्राप्त होगा। बोनस भुगतान को लेकर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।
समझौते के अनुसार ग्रुप-1 के कर्मचारियों को 36,446 रुपये से 75,319 रुपये तक बोनस मिलेगा, जबकि ग्रुप-2 के कर्मचारियों के लिए यह राशि 33,176 रुपये से 84,029 रुपये के बीच निर्धारित की गई है। इसी प्रकार ग्रुप-3 के कर्मचारियों को 37,211 रुपये से लेकर 1,08,575 रुपये तक बोनस दिया जाएगा।
वरिष्ठ श्रेणियों में आने वाले कर्मचारियों के लिए बोनस की राशि और अधिक तय की गई है। K श्रेणी के कर्मचारियों को 1,55,797 रुपये से 3,42,294 रुपये तक, P श्रेणी के कर्मचारियों को 89,697 रुपये से 2,60,130 रुपये तक तथा G श्रेणी के कर्मचारियों को 1,33,250 रुपये से 2,22,190 रुपये तक बोनस मिलेगा।
बोनस समझौते के बाद कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। त्योहारों के मौसम में मिलने वाली इस राशि से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी और बाजार में भी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। यूनियन नेताओं ने इसे कर्मचारियों के हित में सकारात्मक समझौता बताते हुए सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं।

