मेयर सुधा गुप्ता का प्रयास रंग लाया, मानगो की दो प्रमुख सड़कों की मरम्मत को निविदा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र की सड़कों के सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। पथ निर्माण विभाग, जमशेदपुर द्वारा मानगो-पारडीह पथ (एनएच-32 पार्ट) और मानगो-ओल्ड पुरुलिया रोड के सामान्य मरम्मत कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। दोनों कार्यों के लिए क्रमशः 25 लाख और 30 लाख रुपये की स्वीकृत राशि निर्धारित की गई है तथा कार्य पूर्ण करने की अवधि 120 दिन रखी गई है।
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इन दोनों सड़कों के मरम्मत कार्य के लिए वे और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता लगातार प्रयासरत थे। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात तथा मई में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को ज्ञापन सौंपने के बाद अब निविदा जारी होना प्रयासों का परिणाम है।
मेयर ने कहा कि सड़क मरम्मत से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा मानगो की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।

