कांग्रेस का 7 सितंबर को राजभवन के समक्ष महाधरना, सतीश पाल मुंजनी ने कार्यकर्ताओं से रांची पहुंचने का किया आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने 7 सितंबर को रांची में राजभवन के समक्ष आयोजित महाधरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से शामिल होने का आह्वान किया।
मुंजनी ने अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने MMDR संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर झारखंड के खनिज राजस्व के अधिकार को प्रभावित करने का आरोप लगाया और इसे राज्य के हितों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि आंदोलन में पूर्वी सिंहभूम से वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, प्रखंड-मंडल पदाधिकारियों, मंच-मोर्चा के सदस्यों, पंचायत अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी होगी। कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से रांची पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में राकेश तिवारी, एलबी सिंह, संजय सिंह आजाद, राजा सिंह राजपूत, केके शुक्ल, नवनीत मिश्र, ज्योति मिश्र, आशुतोष सिंह, अंसार खान, मकसूद आलम, फिरोज खान और कौशल प्रधान समेत अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

