एसआईआर दावा-आपत्ति को लेकर कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर, बूथ स्तर पर मतदाताओं की मदद का आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत दावा-आपत्ति विषय पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन तिलक पुस्तकालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की।
प्रशिक्षक कौशल प्रधान ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम-पता एवं अन्य विवरण में सुधार, आपत्ति के निराकरण तथा फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम सूची से छूट गया है, वे संबंधित बीएलओ के माध्यम से दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं नोटिस या आपत्ति प्राप्त मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रख सकते हैं।
कार्यकर्ताओं को Absent, Shifted और Death Cases सहित चिन्हित मतदाताओं की बूथ स्तर पर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने की जिम्मेदारी भी समझाई गई।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने और दावा-आपत्ति व नाम-सुधार प्रक्रिया में हरसंभव सहायता करेंगे। शिविर का संचालन संगठन उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने किया।

