साहस और वीरता को मिला सम्मान, धनबाद के तीन SI बने इंस्पेक्टर
उत्कृष्ट कार्य के लिए आउट ऑफ टर्म प्रमोशन, एक सिपाही को भी मिली ASI की पदोन्नति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद। साहस, वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले धनबाद के चार पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्म पदोन्नति दी गई है। इनमें तीन सब इंस्पेक्टर को इंस्पेक्टर तथा एक सिपाही को ASI बनाया गया है।
गुरुवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित पिपिंग सेरेमनी में एसएसपी प्रभात कुमार और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों के कंधे पर बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी।
वर्ष 2005 बैच के SI सदानंद सिंह, वर्ष 2018 बैच के SI प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह को इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति मिली है। वहीं वर्ष 2009 में नियुक्त सिपाही नवनीत नवल को उत्कृष्ट कार्य के लिए ASI बनाया गया।
इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की।

