छात्र आंदोलन की आड़ में अराजकता फैलाने वालों पर 48 घंटे में हो कार्रवाई: INDIA गठबंधन
मुख्य सचिव से मिले गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने वीडियो फुटेज सौंपे, निर्दोष छात्रों को परेशान नहीं करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्र आंदोलन की आड़ में कथित रूप से अराजकता फैलाने और माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर 48 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई की मांग की।
झामुमो, कांग्रेस, राजद और माले के नेताओं ने कहा कि गठबंधन छात्रों की समस्याओं और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति संवेदनशील है, लेकिन आंदोलन की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को वीडियो फुटेज भी सौंपे और उसके आधार पर दोषियों की पहचान करने की मांग की।
झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि छात्रों और अराजक तत्वों को एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। वीडियो फुटेज के आधार पर प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच हो तथा दोषी पाए जाने पर छात्र हो या राजनीतिक कार्यकर्ता, सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्व छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने भी अराजक तत्वों के खिलाफ 48 घंटे के भीतर कार्रवाई और सीआईडी जांच में तेजी लाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने CGL समेत परीक्षा संबंधी मामलों में पारदर्शी एवं निर्णायक कार्रवाई पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों के वास्तविक मुद्दों का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए, जबकि निर्दोष छात्रों को किसी भी स्थिति में परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

